लखनऊ, गोमतीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय के खेल शिक्षक ब्रजेश मिश्रा ने 12वीं के छात्र को कई तमाचे जड़े और जमकर पीटा। छात्र के कान का पर्दा फट गया और उसे सुनाई देना बंद हो गया। यह आरोप लगाते हुए छात्र के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ गोमतीनगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
विनयखंड निवासी मयंक द्विवेदीके पिता अनिल शास्त्री के मुताबिक बेटा केंद्रीय विद्यालय की गोमतीनगर शाखा से कक्षा 12-बी का छात्र है। उन्होंने थाने में तहरीर देकर बताया कि 20 अगस्त को बेटा विद्यालय गया था। खेल शिक्षक ब्रजेश मिश्रा ने बेटे को जमकर पीटा। उसके थप्पड़ जड़े और घूंसे मारे। छुट्टी के बाद वह घर पहुंचा तो उसने बताया कि उसे सुनाई नहीं दे रहा था। बेटे को अस्पताल लेकर पहुंचे। लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच की तो बताया कि उसके कान का पर्दा फट गया है। बेटे का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक छात्र के पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल खुलने पर कल दर्ज किए जाएंगे बयान
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि शनिवार को विद्यालय खुलने पर आरोपी शिक्षक और प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के बयान दर्ज किए जाएंगे। विवेचक बयान दर्ज कर छात्र की मेडिकल रिपोर्ट का अवलोकन करेंगे। साक्ष्यों के आधार पर मामले की कार्रवाई की जाएगी।
थाने से शिकायत वापस लेने का दबाव
छात्र के पिता का आरो है कि शिक्षक को जब यह पता चला कि थाने में शिकायत की गई है तो वह तहरीर वापस लेने का दबाव बनाने लगे। विरोध पर बेटे की टीसा काटकर देने और उसका भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी।

