लखनऊ। यूपी के बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों की प्रार्थना सभा को अधिक प्रभावी, संगीतमय और व्यवस्थित स्वरूप देने की पहल राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी) ने की है। संस्थान की ओर से 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं की संगीतबद्ध वीडियो सामग्री तैयार कराएगा। तकनीक के प्रयोग से संगीतमयी-सुरमयी प्रार्थनाएं तैयार की गईं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब, फेसबुक व इंस्टाग्राम आदि पर इसे उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विद्यालय और शिक्षक अपनी आवश्यकता के अनुसार इनका प्रयोग प्रार्थना सभा में कर सकेंगे। एसआईईटी की ओर से इन प्रार्थनाओं को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें संगीत शिक्षकों व छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रार्थनाओं के गायन, सामूहिक प्रस्तुति, संगीत संयोजन व स्टूडियो में रिकार्डिंग से जुड़ी तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
एसआईईटी निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि सभी स्कूलों में प्रार्थना सभा में प्रेरणादायी प्रार्थना की जाएंगी। 12 प्रार्थनाओं की रीयल टाइम शूटिंग और रिकार्डिंग की जाएगी। संगीत शिक्षकों व छात्राओं के साथ इनको स्टूडियो में रिकार्ड किया जाएगा। रिकार्डिंग और संपादन के बाद तैयार अंतिम वीडियो सामग्री को डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

