लखनऊ: मिशन कर्मयोगी पोर्टल पर विभागीय कर्मियों द्वारा पूरे किए जा रहे कोर्स की प्रगति को लेकर शासन और प्रशासन स्तर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रमुख सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक द्वारा की जा रही साप्ताहिक समीक्षा में विभाग की प्रगति अत्यंत कम पाई गई है, तथा नए कर्मियों के पंजीकरण के बाद भी निष्क्रिय कर्मियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
इस स्थिति के दृष्टिगत समस्त जनपदीय एवं विकासखंड स्तरीय कार्यालयाध्यक्षों तथा मिशन कर्मयोगी के नोडल अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
इन प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान देने के निर्देश:
दो कोर्स अनिवार्य: नए कर्मियों के पंजीकरण के तुरंत बाद उनसे कम से कम 02 कोर्स अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लिए जाएं।
निष्क्रिय कर्मियों पर एक्शन: कार्यालयाध्यक्षों के अधीन मैप जो कर्मी निष्क्रिय हैं, उनकी समीक्षा करते हुए उन्हें एक्टिव कराया जाए।
सेवा में न होने पर डिलीट हो पंजीकरण: यदि कोई कर्मी किसी कारणवश अब सेवा में नहीं है, तो उनका पंजीकरण तत्काल डिलीट कराया जाए।
साप्ताहिक लक्ष्य: समस्त कर्मियों को निर्देशित किया जाए कि वे प्रत्येक सप्ताह कम से कम 01 कोर्स जरूर पूरा करें।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा की ओर से जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि निष्क्रिय कर्मियों की सूची संलग्न कर भेजी जा रही है, और सभी संबंधित अधिकारी इन बिंदुओं पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

