लखनऊ। यूपी में विश्वविद्यालयों व डिग्री कॉलेजों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए निगरानी की प्रक्रिया को और सख्त किया जाएगा। शैक्षिक कैलेंडर के पालन, परीक्षा व परिणाम और मुख्य प्रदर्शन सूचक (केपीआई) की हर महीने समीक्षा की जाएगी। नोडल अधिकारी अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। फिर सुधार के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से तैनात किए गए नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विश्वविद्यालयों व डिग्री कॉलेजों का निर्धारित मानक के अनुसार पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय-कॉलेज परिसरों के किए गए निरीक्षण में पढ़ाई, प्रवेश, परीक्षा, पोर्टल पर सूचना और प्रशासनिक कमियां मिलने पर इसकी रिपोर्ट उच्च शिक्षा सचिव को देंगे।
सचिव इस रिपोर्ट के आधार पर हर महीने विभागीय समीक्षा कर सुधार के लिए उठाए जा रहे उपायों के बारे में रिपोर्ट लेंगे, फिर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। नोडल अधिकारी इस कार्य के लिए उच्च शिक्षा निदेशक, रजिस्ट्रार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, मंडलायुक्त-डीएम से संपर्क कर समन्वय भी स्थापित करेंगे। खराब प्रदर्शन वाले उच्च शिक्षण संस्थानों की विशेष निगरानी की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिल सके।
.jpeg)
