17 September 2026

बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों के लिए ब्रिज कोर्स लांच, सुप्रीम कोर्ट ने प्रशिक्षण का दिया था आदेश

 

● सुप्रीम कोर्ट ने प्रशिक्षण का दिया था आदेश

● देशभर के 66154 शिक्षकों ने किया आवेदन

प्रयागराज,। पूरे देश में बीएड के आधार पर प्राथमिक स्कूलों में चयनित सहायक अध्यापकों के लिए छह माह के अनिवार्य ब्रिज कोर्स का औपचारिक शुभारंभ केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने बुधवार को नई दिल्ली में किया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) से मान्य विशेष पाठ्यक्रम कराने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) को मिली है। इसके लिए देशभर से 66154 शिक्षकों ने आवेदन किया है, जिनमें सर्वाधिक 33640 शिक्षक उत्तर प्रदेश के हैं।



मध्य प्रदेश से 10650, बिहार से 7569, पश्चिम बंगाल से 6627, असम से 1376 जबकि छत्तीसगढ़ से 1208 शिक्षकों ने आवेदन किया है। शीर्ष अदालत ने 28 जून 2018 के बाद और 11 अगस्त 2023 से पूर्व प्राथमिक स्कूलों में नियुक्त बीएड अर्हताधारी सहायक अध्यापकों को ब्रिज कोर्स करवाने के निर्देश दिए थे। इन शिक्षकों को ब्रिज कोर्स शुरू होने की तिथि से एक वर्ष के भीतर एक बार में ही कोर्स पूरा करना है। कोर्स पूरा न करने वाले शिक्षकों की नियुक्ति अमान्य हो जाएगी। एनआईओएस में सक्षमता निर्माण प्रकोष्ठ के उप निदेशक डॉ. आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि यह पाठ्यक्रम शिक्षकों की व्यावसायिक क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव टीके अनिल कुमार, संयुक्त सचिव प्राची पांडे, निदेशक भगवती प्रसाद कलाल, एनआईओएस के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश मिश्रा आदि उपस्थित थे।