09 September 2026

उच्च प्राथमिक छात्रों के लिए तीन स्तरीय गणित ओलम्पियाड का ऐलान, 16 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा

 

बरेली: उच्च प्राथमिक छात्रों के लिए तीन स्तरीय गणित ओलम्पियाड का ऐलान, 16 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा

बरेली: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), फरीदपुर, बरेली ने उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6, 7 एवं 8) के विद्यार्थियों के लिए जनपद स्तरीय गणित ओलम्पियाड और गणित प्रदर्शनी आयोजित करने का आधिकारिक आदेश जारी किया है।

एससीईआरटी (SCERT) उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में डायट के प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को पत्र भेजकर परीक्षा की समय-सारिणी और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

ओलम्पियाड कार्यक्रम की समय-सारिणी

क्र. सं.ओलम्पियाड का स्तरनिर्धारित तिथि
01विद्यालय स्तर16 सितंबर, 2026 (प्रातः 10:00 बजे से)
02विकासखंड स्तर08 अक्टूबर, 2026
03जनपद स्तर28 अक्टूबर, 2026

नोट: प्रत्येक स्तर के लिए प्रश्न पत्र का निर्माण एवं वितरण डायट फरीदपुर, बरेली द्वारा किया जाएगा।

परीक्षा पैटर्न और चयन संबंधी मुख्य निर्देश

  • प्रश्न पत्र का प्रारूप: विद्यालय स्तर की परीक्षा में कुल 30 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें 20 बहुविकल्पीय (MCQs) और 10 व्यक्तिनिष्ठ (सब्जेक्टिव) प्रश्न शामिल होंगे। प्रश्न पत्र संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपनी देख-रेख में बोर्ड पर लिखकर हल कराएंगे।
  • न्यूनतम अर्हता अंक:
    • विद्यालय स्तर पर न्यूनतम 70% प्राप्तांक
    • विकासखंड स्तर पर न्यूनतम 75% प्राप्तांक
    • जनपद स्तर पर न्यूनतम 80% प्राप्तांक (अंतिम चयन मेरिट यानी अधिकतम प्राप्तांकों के आधार पर किया जाएगा)
  • प्रति स्कूल 2 विद्यार्थियों का चयन: प्रत्येक विद्यालय से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 02 विद्यार्थियों का चयन होगा। प्रधानाचार्य को परीक्षा समाप्ति के अधिकतम 2 दिनों के भीतर चयनित बच्चों के नाम खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को उपलब्ध कराने होंगे।
  • पारदर्शी मूल्यांकन: उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक द्वारा कराया जाएगा और परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों के प्राप्तांक विद्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा किए जाएंगे।