69000 शिक्षक भर्ती मामला: अब बुधवार को होगी सुनवाई, सभी पक्ष दाखिल करेंगे 5 पेज का कंपाइलेशन
69000 शिक्षक भर्ती मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं के शामिल होने के कारण कोर्ट ने सुनवाई को व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के लिए सभी पक्षों को कंपाइलेशन दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि एक ही पक्ष की ओर से बहस करने वाले सभी अधिवक्ता आपसी समन्वय से मुख्य तर्कों और आवश्यक दस्तावेजों का एक संक्षिप्त कंपाइलेशन तैयार कर दाखिल करें।
क्या है कंपाइलेशन?
जब किसी मामले में कई याचिकाओं और पक्षों की एक साथ सामूहिक सुनवाई होती है, तो कोर्ट समय की बचत और सुनवाई को व्यवस्थित रखने के लिए मुख्य तर्कों एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों का संकलन यानी कंपाइलेशन दाखिल करवाती है। आगे की बहस मुख्य रूप से इसी आधार पर की जाती है।
कोर्ट के महत्वपूर्ण निर्देश
- सभी पक्षों को निर्धारित समयसीमा में 5 पेज का कंपाइलेशन दाखिल करना होगा।
- प्रत्येक पक्ष की ओर से केवल एक रिटेन सबमिशन और एक ओवरऑल कंपाइलेशन दाखिल किया जाएगा।
- आगे की बहस कंपाइलेशन में शामिल मुख्य बिंदुओं के आधार पर होगी।
बताया गया कि जिला वरीयता विसंगति मामले की तीसरी कैटेगरी में संबंधित पक्ष की याचिकाएं अलग हैं, इसलिए इस श्रेणी में अन्य अधिवक्ताओं के साथ समन्वय की आवश्यकता नहीं होगी। तय तिथि के भीतर कंपाइलेशन दाखिल किए जाने की बात कही गई है।
अब बुधवार को होगी अगली सुनवाई
69000 शिक्षक भर्ती मामले को अब बुधवार को अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है। ऐसे में सभी की निगाहें अब आगामी सुनवाई पर टिकी हैं।

