03 September 2026

एक पैर से स्कूल जाती है दिव्यांग बच्ची, डीएम से लगाई ट्राइसाइकिल की गुहार

 

एक पैर से स्कूल जाती है दिव्यांग बच्ची, डीएम से लगाई ट्राइसाइकिल की गुहार

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सात साल की दिव्यांग बच्ची रागिनी बलिया ने जिलाधिकारी से भावुक अपील करते हुए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की है। बच्ची का कहना है कि उसका एक पैर खराब है और वह दूसरे पैर के सहारे किसी तरह रोज स्कूल जाती है।

रागिनी प्राथमिक विद्यालय दियौड़ा, शिक्षा क्षेत्र मनियर में कक्षा एक की छात्रा है। बच्ची ने वीडियो के माध्यम से अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह एक पैर से बिल्कुल नहीं चल पाती और दूसरे पैर के सहारे कूदते हुए स्कूल तक पहुंचती है। इस कारण उसे रोज काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पिता मजदूरी करते हैं, सुविधाओं का अभाव

बच्ची ने अपनी अपील में बताया कि उसके पिता मजदूरी करते हैं, जिसके कारण परिवार के लिए आवश्यक सुविधाएं जुटाना मुश्किल है। इसी वजह से उसने डीएम से ट्राइसाइकिल दिलाने की गुहार लगाई है, ताकि वह आसानी से रोज स्कूल जा सके।


डीएम ने तत्काल मदद का दिया भरोसा

मामले की जानकारी जिलाधिकारी मंगला प्रसाद तक पहुंचने के बाद उन्होंने बच्ची की मदद का भरोसा दिया। डीएम ने कहा कि चिकित्सकीय रिपोर्ट मिलने के बाद रागिनी को ट्राइसाइकिल समेत आवश्यक उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे।

प्रशासन के इस आश्वासन से उम्मीद जगी है कि अब रागिनी को एक पैर के सहारे कूदते हुए स्कूल जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी और वह आसानी से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेगी।