हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

01 April 2023

21 राज्यों में अब 6 साल में होगा पहली कक्षा में दाखिला


नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर समेत 21 राज्यों ने पहली कक्षा में दाखिले की उम्र 6 साल तय कर दी है। ये सभी राज्य और केंद्रशासित प्रदेश आगामी शैक्षणिक सत्र 2023- 24 से पहली कक्षा में दाखिला 6 वर्ष या इससे अधिक आयु वाले छात्रों को ही देंगे। देशभर के स्कूलों में पहली कक्षा में दाखिले की उम्र एक समान होने से सबसे अधिक फायदा अभिभावकों को ही होगा।



शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत फरवरी में पहली कक्षा में दाखिले की उम्र 6 साल तक तय की गई थी। एनईपी के तहत सभी राज्यों को पहली कक्षा में दाखिले की उम्र 6 साल तक करने का निर्देश दिया गया था।


 इसी के तहत उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, दादर नगर हवेली, दमन व दीव, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा व मेघालय ने पहली कक्षा में दाखिले की उम्र 6 साल होनी अनिवार्य कर दी है।


आगामी शैक्षणिक सत्र में इन राज्यों के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पहली कक्षा में दाखिले की उम्र 6 साल होनी जरूरी होगी। इन राज्यों ने शिक्षा मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट भेजकर एनईपी के तहत नए नियम को लागू करने की जानकारी भेज दी है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more