हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

14 April 2026

BEO को फोन पर बात करते समय कार्यालय में दिल का दौरा पड़ा, मौत

 

अलीगढ़ नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सतीश चंद्र शर्मा (60) को सोमवार को फोन पर बात करते समय कार्यालय में दिल का दौरा पड़ गया। कार्यालय का स्टाफ उन्हें आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर शाम उनका परिवार भी मेरठ से अलीगढ़ पहुंचगया। इसके बाद बड़े बेटे ने अधिकारियों के साथ मिलकर शव का पोस्टमार्टम कराया। सतीश चंद्र शर्मा 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे।





वह सोमवार को बीएसए और कर्मचारियों के साथ विकास भवन में एक मीटिंग में गए थे, दोपहर को वह कर्मचारियों से मिले और फिर निकल गए। कार्यालय आने के बाद भोजन करने चले गए। इसके बाद वह शाम साढ़े तीन बजे रेलवे रोड कोयली वाली गली में स्थित अपने कार्यालय में पहुंच गए। स्टाफ ने बताया कि फोन पर बात करते हुए वह कार्यालय में दाखिल हुए और कुर्सी पर बैठकर बात करते-करते उठे और अचानक गिर पड़े। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया।




सतीश चंद्र शर्मा मूल रूप से जनपद शामली के रहने वाली थे, लेकिन उनका परिवार मेरठ में रहता है। अलीगढ़ में वह जुलाई 2023 से तैनात थे। उनकी मौत से पूरे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। जिला अस्पताल में बीईओ के शव को देख कर कर्मचारी भावुक हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी संजीव रंजन, सीडीओ योगेंद्र कुमार, बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह व सभी बीईओ आदि जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर में हम दोनों साथ मीटिंग कर लौटे थे। शाम को उन्हें हार्ट अटैक पड़ा और निधन हो गया। पूरा महकमा उनके परिवार के साथ खड़ा है।



Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more