14 April 2026

शिक्षक बने शिक्षामित्रों ने उठाई पुरानी पेंशन की मांग

 

📰 शिक्षक बने शिक्षामित्रों ने उठाई पुरानी पेंशन की मांग

प्रयागराज, ।
शिक्षामित्र से शिक्षक बने अभ्यर्थियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सोमवार को बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को संबोधित था, जिसे एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि के माध्यम से कार्यालय में जमा कराया गया।


ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा में एक अप्रैल 2005 से पूर्व 11 माह की संविदा पर नियुक्त विषय विशेषज्ञों की तरह उन्हें भी पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि जब समान परिस्थितियों में कार्य करने वाले अन्य कर्मचारियों को यह सुविधा दी गई है, तो शिक्षामित्रों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है।

शिक्षकों ने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2007 में विषय विशेषज्ञों को नियमित किया गया था और उन्हें पुरानी पेंशन देने के लिए 20 मार्च 2026 को शासनादेश भी जारी किया गया है। इसी आधार पर शिक्षामित्रों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग की गई है।

वहीं, उच्च न्यायालय ने अनुप कुमार सिंह सहित 34 अन्य लोगों की याचिका पर 8 अप्रैल के आदेश में सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद को दो माह के भीतर शिक्षामित्रों के मामले में विधिसम्मत निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

ज्ञापन सौंपने वालों में अरुण कुमार सिंह, गुरचरण, शैलेन्द्र शुक्ला, राजीव सिंह, देवेंद्र मिश्रा, सुनील मौर्य, शिवनाथ चौधरी, आशीष श्रीवास्तव, सर्वेश सिंह, कमलाकर सिंह सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।


पुरानी पेंशन को लेकर शिक्षामित्रों का यह मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अब नजर शासन के फैसले पर टिकी है कि क्या इन शिक्षकों को भी समान लाभ मिल पाएगा या नहीं।