लखनऊ, । प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक स्कूलों में इस बार ऑनलाइन पारस्परिक तबादले भी हो सकेंगे। इसके लिए नए सत्र से ऑनलाइन स्थानांतरण के आवेदन में पारस्परिक स्थानांतरण के विकल्प भी दिए जाएंगे। विकल्प के अभाव में पिछले दो सत्रों से एडेड माध्यमिक विद्यालयों में ऑनलाइन पारस्परिक तबादले नहीं हो सके।
नतीजा, विभागीय वेबसाइट पर गत वर्ष 6500 रिक्तियों की जगह मात्र 1700 शिक्षक ही ऑनलाइन आवेदन कर पाए और मात्र 360 शिक्षकों का ही ऑनलाइन तबादला हो सका था। शासन के निर्देश के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग वर्तमान सत्र में स्थानांतरण के लिए पारदर्शी तरीके से तबादले की प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार कर रहा है। इसमें एनओसी को लेकर होने वाले विवादों को भी समाप्त करने की व्यवस्था की जा रही है।

