14 April 2026

Good News : 3003 पदों पर होगी भर्ती, चार मई तक आवेदन

 



, प्रयागराज :

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने वर्ष 2026 के सेलेक्शन पोस्ट फेज-14 के तहत 3003 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी की है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में रिक्त पद भरे जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन सोमवार से शुरू हो गए हैं, जो चार मई रात 11 बजे तक चलेंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से आवेदन कर सकते हैं। शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि पांच मई निर्धारित की गई है। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 11 से 13 मई तक सुधार विंडो खोली जाएगी।

कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन जून में संभावित है। भर्ती में मैट्रिक स्तर, 10+2 स्तर और स्नातक व उससे ऊपर की योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में पद विज्ञापित किए गए हैं।

कुल 3003 पदों में अनारक्षित के 1534, ओबीसी के 667, एससी के 346, एसटी के 185 और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 271 पद शामिल हैं।

आयोग ने एक जनवरी 2026 को आयु निर्धारण की निर्णायक तिथि माना है। अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग को तीन वर्ष, दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 से 15 वर्ष तक की छूट का प्रावधान है।


आवेदन शुल्क 100 रुपये है। महिला अभ्यर्थियों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग तथा पूर्व सैनिकों को शुल्क से छूट प्रदान की गई है।


महत्वपूर्ण बिंदु

  • सेलेक्शन पोस्ट फेज-14 की अधिसूचना जारी, पांच मई तक शुल्क जमा होगा, जून में होगी परीक्षा
  • कर्मचारी चयन आयोग ने त्रुटि सुधार के लिए 11 से 13 मई तक खोली जाएगी सुधार विंडो

परीक्षा में पूछे जाएंगे 100 प्रश्न

चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। पूर्णांक 200 अंक है। परीक्षा अवधि 60 मिनट होगी। गलत उत्तर पर 0.50 अंक की निगेटिव मार्किंग रखी गई है।

मध्य क्षेत्र के उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर सहित कई शहर परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अधिसूचना में स्पष्ट कहा गया है कि केंद्र सरकार ऐसा कार्यबल चाहती है जो लैंगिक संतुलन को दर्शाए, इसलिए महिला उम्मीदवारों को आवेदन के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया है।