14 April 2026

मुख्यमंत्री ने बच्चों को दी सीख, परिश्रम से मिलेगी सफलता

 



लखनऊ :

जन भवन परिसर में शिक्षा के क्षेत्र में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां 5.17 करोड़ रुपये की लागत से बने आदर्श माध्यमिक विद्यालय के आधुनिक भवन का उद्घाटन किया।


मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए आदर्श शिक्षा मॉडल बताते हुए बच्चों को सफलता का मंत्र दिया कि परिश्रम ही लक्ष्य तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया है, जिससे बेसिक और माध्यमिक शिक्षा परिषद को प्रेरणा लेनी चाहिए। संस्कृत श्लोक के माध्यम से समझाया कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, बल्कि सही मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।

वैद्य जीवक की कथा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि जैसे हर वनस्पति में औषधीय गुण होते हैं, वैसे ही हर व्यक्ति में प्रतिभा होती है, जरूरत उसे पहचानने और निखारने की है।


मुख्य बिंदु

  • राज्यपाल के साथ जन भवन परिसर में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन का उद्घाटन
  • 5.17 करोड़ की लागत से तैयार हुआ भवन, 10वीं तक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा की सुविधा

विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी स्कूल भी कॉन्वेंट व पब्लिक स्कूलों की तरह प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।

विद्यालय भवन के निर्माण में 4.70 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने दिए, जबकि शेष धनराशि राज्यपाल के प्रयासों से सीएसआर फंड से जुटाई गई।

कार्यक्रम में ‘हमारा जन भवन’ पुस्तक का विमोचन किया गया और नई स्कूल बस की चाबी प्रधानाचार्य व चालक को सौंपी गई।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि पहले प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की संख्या बहुत कम थी, लेकिन अब आधुनिक सुविधाओं के साथ यह संख्या बढ़कर 450 हो गई है। भविष्य में यहां 1000 बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

भवन के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के साथ विद्यालय का निरीक्षण कर कंप्यूटर लैब, अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय और सुनीता विलियम्स स्पेस लैब को देखा। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मॉडल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को प्रभावित किया।