31 August 2026

इस जनपद में भारी बारिश के चलते स्कूलों में दो दिन का अवकाश, कक्षा 8 तक शिक्षण कार्य स्थगित

 

चित्रकूट में भारी बारिश के चलते स्कूलों में दो दिन का अवकाश, कक्षा 8 तक शिक्षण कार्य स्थगित

चित्रकूट। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश एवं जलभराव/बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चित्रकूट ने 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित करने का आदेश जारी किया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, असहायकीय अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम के विद्यालयों में 31 अगस्त और 1 सितंबर को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन दोनों दिनों में छात्र-छात्राओं का अवकाश रहेगा, जबकि विद्यालय का समस्त स्टाफ समय से उपस्थित होकर विभागीय कार्यों का संपादन करेगा।

बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, शिक्षा निदेशक बेसिक, मुख्य विकास अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

यानी चित्रकूट में कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 31 अगस्त और 1 सितंबर को स्कूल में छुट्टी रहेगी, लेकिन शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा।