11 September 2026

नोएडा के छात्र को नोटिस देने में अधिकारी निलंबित



नई दिल्ली, । गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के छात्र को नोटिस जारी करने के मामले में सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में बताया कि नोटिस जारी करने वाले अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।



ग्रेटर नोएडा के कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने चार सितंबर को जीबीयू के एक छात्र को नीट पेपर लीक मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने पर नोटिस जारी किया और पांच लाख रुपये का बॉन्ड भरने को कहा था।


जीबीयू छात्र की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता पी.वी. दिनेश ने अदालत से कहा कि इस मामले में अधिकारियों को कड़ा संदेश जाना चाहिए। इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि जब बुधवार को मामले का उल्लेख किया गया था, तो उन्होंने जवाब मांगा था। इसके बाद सॉलिसिटर जनरल ने बताया कि नोटिस जारी करने वाले अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।


इधर, नोएडा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में नोटिस भेजने के लिए रिपोर्ट तैयार करने वाले सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की विभागीय जांच भी चल रही है।