11 September 2026

स्कूल खुलते ही शिक्षक करते हैं सफाई! परिसर में मिलती हैं शराब की बोतलें और कचरे का ढेर

 अलीगंज में रोज स्कूल खुलते ही सफाई में जुटते हैं शिक्षक; बाउंड्री छोटी होने से बाहरी लोगों की आवाजाही, थाने में शिकायत

 UP TEACHER NEWS

कंपोजिट विद्यालय में शराब की बोतलें और कचरे का ढेर:अलीगंज में रोज स्कूल खुलते ही सफाई में जुटते हैं शिक्षक; बाउंड्री छोटी होने से बाहरी लोगों की आवाजाही, थाने में शिकायतऑनलाइन कोर्स सीखें



बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज कंपोजिट विद्यालय में गंदगी और बाहरी लोगों की गतिविधियों से स्कूल प्रशासन, शिक्षक और छात्र परेशान हैं। स्कूल परिसर में आए दिन शराब की खाली बोतलें, गुटखे के रैपर, प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा मिलने से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है। आरोप है कि आसपास के कुछ दुकानदार सड़ी-गली सब्जियां भी स्कूल परिसर में फेंक देते हैं। समस्या से परेशान स्कूल प्रशासन ने बक्शा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।


रोज सुबह शिक्षकों को करनी पड़ती है सफाई

प्रधानाध्यापिका लालमनी देवी ने बताया कि स्कूल खुलने के बाद शिक्षकों को सबसे पहले परिसर की सफाई करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि आए दिन शराब की बोतलें, गुटखे के पाउच और अन्य कचरा परिसर में पड़ा मिलता है। इससे बच्चों के बीच गलत संदेश जाने के साथ स्कूल का वातावरण भी प्रभावित होता है।



सड़ी सब्जियां स्कूल परिसर में फेंकने का आरोप

प्रधानाध्यापिका के अनुसार आसपास के कुछ दुकानदार खराब और सड़ी-गली सब्जियां स्कूल के मैदान में फेंक देते हैं। कई बार उन्हें ऐसा नहीं करने के लिए समझाया गया, लेकिन समस्या में सुधार नहीं हुआ। कूड़े और सड़ी सब्जियों से परिसर में गंदगी बढ़ रही है और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


बाउंड्री छोटी होने से बाहरी लोगों की आवाजाही


सहयोगी अध्यापक राजेंद्र प्रसाद प्रजापति ने बताया कि स्कूल की बाउंड्री वॉल कम ऊंचाई की होने के कारण बाहरी लोगों का परिसर में प्रवेश आसानी से हो जाता है। स्कूल प्रशासन ने पुलिस को शिकायत देने के साथ बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है, ताकि अनधिकृत लोगों की आवाजाही रोकी जा सके।


बकरियां परिसर में आने से किचन गार्डन खराब

स्कूल प्रशासन का कहना है कि बाउंड्री कम होने के कारण स्थानीय लोग अपनी बकरियों को स्कूल परिसर में चरने के लिए छोड़ देते हैं। इससे विद्यालय में तैयार किया गया किचन गार्डन पूरी तरह खराब हो गया है। स्कूल में बच्चों से जुड़ी गतिविधियों और किचन गार्डन के उद्देश्य पर भी इसका असर पड़ रहा है।



चिकन की दुकान दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग

सहयोगी अध्यापक ने स्कूल के बगल में संचालित चिकन की दुकान को भी दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय के आसपास इस तरह की दुकान होने से स्कूल का वातावरण प्रभावित होता है। स्कूल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से परिसर के आसपास का माहौल सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।



ग्राम प्रधान बोले- स्कूल की सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी

स्थानीय ग्राम प्रधान शिवधारी यादव ने भी विद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा का मंदिर है और यहां बच्चों को साफ, सुरक्षित और बेहतर माहौल मिलना चाहिए। स्कूल प्रशासन ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।