11 September 2026

समझ परखने के लिए नए सिरे से बना रहे प्रश्नपत्र

प्रयागराज । राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 तथा राष्ट्रीय आकलन केन्द्र परख के उद्देश्यों के अनुरूप यूपी बोर्ड कक्षा नौ से 12वीं तक के सभी विषयों के प्रश्नपत्र नए सिरे से तैयार करवा रहा है। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान के निदेशक राजेन्द्र प्रताप ने गुरुवार को यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह को कक्षा नौ व 10वीं का विज्ञान और कक्षा 11 व 12वीं का गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान विषयों के संतुलित प्रश्नपत्र संग्रह की प्रतियां भेंट की।


इस पहल से प्रश्नपत्र निर्माण की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ कक्षा-कक्ष में शिक्षण-अधिगम की प्रक्रिया में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।


दक्षता-आधारित प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल तथ्यों को याद करने के स्थान पर विषयवस्तु को समझने, तर्क करने, प्रमाणों एवं स्रोतों का विश्लेषण करने, विभिन्न दृष्टिकोणों की तुलना करने तथा अपने विचारों को तथ्य एवं तर्क के आधार पर प्रस्तुत करने के अवसर प्राप्त होंगे।