कोई मतदाता न छूटे! 29 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष अभियान दिवस
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत 29 नवंबर 2026 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस मनाया जाएगा। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों (बूथों) पर आयोजित विशेष कैंप में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
मतदाता क्या करें
नागरिकों से अपील की गई है कि वे विशेष अभियान दिवस पर अपने बूथ पर लगे विशेष कैंप में अवश्य जाएं। वहां बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि नाम सूची में न हो, तो फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें।
फॉर्म-6 भरने के तरीके
ऑफलाइन आवेदन:
- विशेष अभियान दिवस पर अपने बूथ पर जाएं।
- वहां उपस्थित BLO से फॉर्म-6 प्राप्त करें।
- फॉर्म-6 सही-सही भरकर, हस्ताक्षर करके आवश्यक दस्तावेजों के साथ BLO को जमा करें।
ऑनलाइन आवेदन:
- ECINET ऐप: ऐप डाउनलोड करें, मोबाइल नंबर डालकर नए उपयोगकर्ता के रूप में OTP से पंजीकरण करें। इसके बाद "Voter Services" में जाकर "Voter Registration Forms" पर क्लिक करें और आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर मिले OTP से सत्यापित कर सबमिट करें।
- नागरिक सेवा पोर्टल (voters.eci.gov.in): पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से साइन अप करें और OTP भरें। "New Voter Registration" टैब पर क्लिक करके फॉर्म-6 भरें और आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP से सत्यापित कर सबमिट करें।
मतदाता बनने की अर्हता
- भारत का नागरिक होना चाहिए।
- 1 जनवरी 2027 को आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
- संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्यतः निवासी होना चाहिए।
आवश्यक दस्तावेज
जन्मतिथि के प्रमाण के लिए (कोई एक):
- सक्षम स्थानीय निकाय/नगरपालिका प्राधिकरण/जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार द्वारा जारी जन्म प्रमाणपत्र
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- सीबीएसई/आईसीएसई/राज्य शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी कक्षा 10 या 12 का प्रमाणपत्र (यदि इनमें जन्मतिथि अंकित हो)
- भारतीय पासपोर्ट
- रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो
निवास के प्रमाण के लिए (कोई एक):
- पानी, बिजली या गैस कनेक्शन का बिल (कम से कम 1 वर्ष पुराना)
- आधार कार्ड
- राष्ट्रीयकृत/अनुसूचित बैंक या डाकघर की वर्तमान पासबुक
- भारतीय पासपोर्ट
- राजस्व विभाग का भूमि स्वामित्व अभिलेख, जिसमें किसान बही भी शामिल है
- पंजीकृत किराया पट्टा विलेख (किरायेदार की दशा में)
- पंजीकृत विक्रय विलेख (स्वयं के घर की दशा में)
ध्यान दें
- पंचायत एवं नगरीय निकायों की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने का अर्थ यह नहीं है कि आपका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में भी दर्ज है।
- केवल मतदाता पहचान-पत्र (EPIC) होना मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की गारंटी नहीं है।
- अपने EPIC नंबर की सहायता से नागरिक सेवा पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ECINET ऐप के माध्यम से आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें।
मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए electoralsearch.eci.gov.in पर जाया जा सकता है या QR कोड स्कैन किया जा सकता है।
हेल्पलाइन और शिकायत की सुविधा
- जिला संपर्क केंद्र (DCC) हेल्पलाइन नंबर 1950: उत्तर प्रदेश के मतदाता मोबाइल या लैंडलाइन से 1950 पर कॉल करके अपने जिला संपर्क केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता को दूसरे जिले के संपर्क केंद्र से बात करनी हो, तो संबंधित जिले का STD कोड लगाकर 1950 डायल किया जा सकता है।
- निर्वाचन संबंधी शिकायतें (NGSP): राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल ngsp.eci.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
- BLO से सीधी बात: नागरिक सेवा पोर्टल (voters.eci.gov.in) या ECINET ऐप के माध्यम से अपने बूथ के BLO से फोन कॉल बुक किया जा सकता है। कॉल बुक होने के 48 घंटे के भीतर संबंधित BLO आपसे फोन पर संपर्क करके निर्वाचन संबंधी जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान करेंगे।
इस संबंध में जानकारी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in देखी जा सकती है।
मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाएं, लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।

