प्रयागराज: प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक) भर्ती प्रक्रिया के लिए लगभग 8.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं, जबकि 17,835 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है। यानी एक पद के लिए 48 दावेदार हैं।
24 अक्तूबर से 28 नवंबर तक आवेदन लिए गए। शनिवार रात 12 बजे तक अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका दिया गया। आयोग को 10 लाख से ज्यादा आवेदन आने का अनुमान था, जबकि आवेदन की डेट एक बार बढ़ाई जा चुकी है। पहले 23 नवंबर तक आवेदन की अंतिम तिथि तय की गई थी, जिसे बाद में 28 नवंबर तक कर दिया गया। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो गई है। यह परीक्षा 23 और 24 दिसंबर को प्रदेश के अलग-अलग शहरों में होगी।
ये भी पढ़ें - 8th Pay Commission Update: 1.83 फिटमेंट फैक्टर से बढ़ेगी सैलरी? ₹4 लाख करोड़ एरियर पर जेपी मॉर्गन का अनुमान
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से अधियाचन भेजे जाने के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने एडेड कॉलेजों में टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। पहली बार अर्हता में बड़ा बदलाव किया गया है। स्नातक में 50 प्रतिशत या स्नातकोत्तर में 45 प्रतिशत की अनिवार्यता और टीजीटी को शामिल किया गया है।
वर्ष 2022 से भी कम आए इस बार आवेदन
इससे पहले वर्ष 2022 में टीजीटी के लिए परीक्षा कराई गई थी, लेकिन सफल अभ्यर्थियों को चार वर्ष बाद नियुक्ति मिल सकी। उस भर्ती में महज 3,539 पद शामिल थे, जिसके लिए लगभग 8.68 लाख आवेदन आए थे। उस समय टीईटी और प्रतिशत की अनिवार्यता नहीं थी, इसलिए आवेदन ज्यादा आए थे। इस बार एनसीटीई की गाइडलाइन के अनुसार तय अर्हता लागू कर दी गई, जिससे बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र आवेदन नहीं कर सके।
इसके बाद अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय में बड़ा आंदोलन भी किया था। बाद में शासन स्तर से ऐसे अभ्यर्थियों को टीजीटी करने के लिए 30 जून 2027 तक टीजीटी पास करने का मौका दिया गया था, जिन्होंने यह परीक्षा पास नहीं की थी।
उन्हें टीजीटी के लिए आवेदन करने का मौका दिए जाने की बात कही गई थी। बिना टीईटी पास किए अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किए, लेकिन फिर भी संख्या वर्ष 2022 के पार नहीं पहुंच सकी।

