29 November 2026

मिड डे मील की धनराशि का ब्योरा न देने पर तत्कालीन बीएसए समेत पांच पर प्राथमिकी

जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता भी सामने आई थी; तत्कालीन बीएसए इस समय सीतापुर में तैनात हैं

शाहगंज (जौनपुर): अरगुपुर कला स्थित जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) की सात लाख रुपये की धनराशि का गबन करने और वित्तीय अनियमितता के मामले में तत्कालीन बीएसए समेत पांच लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। खाद्य सामग्री की खरीद के बिल-वाउचर और बैंक खाते के लेनदेन का विवरण उपलब्ध न कराने के आरोप में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तत्कालीन बीएसए गोरखनाथ पटेल इस समय सीतापुर में तैनात हैं।


अरगुपुर कला निवासी नरेंद्र बहादुर सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि विद्यालय में मिड डे मील के तहत खाद्य सामग्री की खरीद से संबंधित बिल, चालान और बैंक खाते का विवरण मांगने पर संबंधित लोगों ने जानकारी देने में टालमटोल की। तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश के बावजूद अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट में भी वित्तीय अनियमितता सामने आई थी।

ये भी पढ़ें - Teacher Promotion 2026:इस जनपद मेँ पदोन्नति की वरिष्ठता सूची पर आपत्तियां लेने की कार्यवाही स्थगित, BSA का आदेश जारी

ये भी पढ़ें - PE ऐप्प न्यू UPDATED----


शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 16 मार्च 2025 को इस संबंध में पूछताछ करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जौनपुर ने प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए पुलिस को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया था। साथ ही सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात अमित कुमार सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, विद्यालय के लिपिक जयप्रकाश यादव, तत्कालीन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बीबीगंज शाखा के तत्कालीन प्रबंधक अवनीश श्रीवास्तव के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more