प्रयागराज: चुनावी वर्ष में प्रदेश सरकार भर्तियों और विज्ञापनों पर जोर दे रही है। आवश्यकता के अनुसार नियमावली में संशोधन भी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग ने खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की भर्ती के लिए पहली बार बीएड को अनिवार्य अर्हता घोषित किया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश शैक्षिक (सामान्य शिक्षा संवर्ग) सेवा संशोधित नियमावली 1992 में भी संशोधन कर दिया गया है। संशोधन के बाद बीएड और समकक्ष अर्हता को मान्यता दे दी गई है।
आयोग को भेजा गया प्रस्ताव
शिक्षा निदेशालय ने संशोधित नियमावली और 238 रिक्त पदों के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेज दिया है। इस पर आयोग के अधिकारियों ने समकक्षता की स्थिति स्पष्ट करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को पत्र भेजा था। विभाग ने स्पष्टीकरण देकर प्रक्रिया पूरी कर दी है। स्पष्टीकरण में कहा गया है कि वर्तमान में केवल बीएड ही मान्य अर्हता है।
2019 की भर्ती और आगे की तैयारी
आयोग ने वर्ष 2019 में खंड शिक्षा अधिकारी के 309 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। उस भर्ती में पांच लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसके बाद से बीईओ भर्ती के लिए कोई नया विज्ञापन नहीं आया है। अब नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि कागजी कार्रवाई जल्द पूरी होगी और पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जा सकेगा।

