UpdateMarts•Com
Follow Channel

14 December 2021

प्रधानाध्यापक पर दो बच्चों की पिटाई कर स्कूल से भगाने का आरोप, बीईओ करेंगे मामले की जांच

 जौनपुर : धर्मापुर ब्लाक के उत्तरगांवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर दो बच्चों की पिटाई कर स्कूल से भगाने का आरोप लगाते हुए अभिभावक ने पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। साथ ही बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग किया। बीएसए ने मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी को सौंपी है।





गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री और पुत्र प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार को भोजनावकाश के बाद किसी गलती को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने दोनों बच्चों की पिटाई की। साथ ही दोनों को विद्यालय से घर भेज दिया। रोते हुए घर पहुंचे बच्चों ने पिता को घटना बताई। जिस पर वह विद्यालय पहुंचा और पिटाई का कारण पूछा तो उन्होंने पिटाई से इंकार कर दिया।



बच्चों के पिता ने इस घटना की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी प्रिया पांडेय से फोन पर की। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को मामले की जांच करने का आश्वासन दिया। लेकिन कोई कदम नहीं उठाया। इस पर पिता शुक्रवार को जफराबाद थाना पहुंचे और प्रधानाध्यापक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। साथ ही बीएसए से शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बीएसए ने जांच खंड शिक्षा अधिकारी धर्मापुर को सौंपी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि बच्ची ने खेलने के दौरान झगड़ा किया था। इस पर दोनों को डांटकर समझाया था। मारपीट के आरोप गलत है। प्रभारी निरीक्षक जफराबाद योगेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more