इस जनपद में सुबह 11 बजे से खुलेंगे आठ तक के स्कूल


श्रावस्ती। तराई में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड व कोहरे को देखते हुए डीएम की ओर से गुरुवार देर शाम कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय सुबह 11 बजे से खोलने का आदेश दिया गया है। जिसका सभी बीईओ को कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है। लेकिन पहले दिन आदेश का अनुपालन नहीं हुआ। विद्यालयों के जिम्मेदार आदेश देर से मिलने व शनिवार से आदेश का अक्षरश: अनुपालन करने को कहा गया है।



मुख्यालय भिनगा स्थित लव विद्यापीठ, बीएस एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल, एमए कैरियर एकेडमी के वाहन सीमावर्ती सिरसिया विकास क्षेत्र से बच्चों को लाने के लिए सुबह छह बजे ही रवाना हो जाते हैं। जहां से आठ बजे तक बच्चों को लेकर यह वाहन वापस विद्यालय के लिए चलते हैं। जो नौ बजे के बाद स्कूल पहुंचते हैं। ऐसे में इन विद्यालयों में शिक्षणरत नन्हे-मुन्ने सुबह सात बजे तक तैयार होकर मार्ग किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार करते हैं।



जिले में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड व घने कोहरे को देखते हुए डीएम नेहा प्रकाश ने गुरुवार को कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों के समय में बदलाव का निर्देश जारी किया है। अब यह विद्यालय सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक खुलेंगे। जिसके अनुपालन की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई थी। इसके बावजूद शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों को छोड़ शेष अधिकांश विद्यालय पूर्व की भांति खुले।
यही स्थिति आदर्श इंटर कॉलेज जमुनहा मे कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों की रही जो पूर्व की भांति विद्यालय पहुंचे। प्रधानाचार्य केदारनाथ तिवारी ने बताया कि डीएम का आदेश देर शाम मिला है। बच्चों को इसकी जानकारी दे दी गई है। कि वह शनिवार से विद्यालय 11 बजे से आएं.



ऐसा ही कहना लार्ड कृष्णा पब्लिक इंटर कॉलेज पटना के प्रधानाचार्य मनीष कुमार यादव का भी था। जो देर से आदेश मिलने व आज से आदेश का अनुपालन कराने की बात कह रहे हैं। वहीं जमुनहा के गौसपुर स्थिति फतेह बहादुर इंटर कॉलेज सुबह 10:50 बजे खुला। वहीं परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय 11 बजे खुले। हालांकि बच्चे सामान्य दिनों की भांति आकर विद्यालय खुलने का इंतजार करते देखे गए।