UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 May 2023

स्कूल की दीवार पर लिखे जाएंगे निपुण छात्रों के नाम


मुरादाबाद, बच्चो को प्रोत्साहित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग पठन-पाठन में निपुण बच्चों के नाम स्कूल की दीवारों पर लिखवाएगा। विभाग ने परिषदीय स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्णय लिया है। इससे अन्य बच्चों में प्रतिस्पर्धा का गुण विकसित होगा।






जिले में 1401 परिषदीय विद्यालय है। इनमें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक समेत कंपोजिट विद्यालय शामिल है। नए सत्र में करीब 1 लाख 80 हजार बच्चों का पंजीकरण हो चुका है। शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करने समेत रैलियां निकाल रहे है। इसी क्रम में अब विभाग निपुण बच्चों का उत्साहवर्धन और बच्चों में प्रतिस्पर्धा विकसित करने के लिए नई पहल करने जा रहा है। अब स्कूल की दीवारों पर निपुण बच्चों के नाम के साथ-साथ अधिक से अधिक ज्ञानवर्धक सामग्री जैसे गणित विज्ञान आदि से संबंधित चिह्न या सूत्र की पेंटिंग बनाई जाएगी। निपुण मिशन योजना के तहत प्राथमिक स्तर के कक्षा एक, दो, तीन के बच्चों को भाषा, गणित आदि विषयों में निपुण बनाया जा रहा है। इसके तहत छात्रों के नाम दीवारों पर लिखकर और छात्रों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह ने बताया कि इसके अलावा छात्रों को महापुरुषों, भारतीय वैज्ञानिकों की सरल रूप से पहचान कराने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत दीवारों पर चित्र बनाए जाएंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more