UpdateMarts•Com
Follow Channel

05 August 2023

सितंबर तक 300 विद्यालयों को बनाएं निपुण



प्रयागराज,। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा लखनऊ के वरिष्ठ विशेषज्ञ जीवेन्द्र सिंह ऐरी ने शुक्रवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा जिला परियोजना कार्यालय मम्फोर्डगंज का निरीक्षण किया। जिला परियोजना कार्यालय परिसर में संचालित विद्यालय के पुनर्निर्माण का अवलोकन किया और पत्रावलियों के रखरखाव व कार्यालय के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।

बैठक में निपुण भारत मिशन के तहत प्रयागराज के 300 विद्यालयों को सितंबर तक निपुण विद्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। कहा कि सबसे पहले निपुण लक्ष्य प्राप्त करने वाले विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी को मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे। पूर्व प्राथमिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। ब्लॉक संसाधन केंद्रों को सभी अवस्थापना सुविधाओं से संतृप्त करने के लिए तत्काल प्रस्ताव मांगा। ब्लॉक तथा जिला परियोजना कार्यालय में रिक्त पदों पर भर्ती पूरी करने, खंड शिक्षाधिकारियों को कस्तूरबा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और बालिकाओं का जन्मदिन मनाने, दिव्यांग बच्चों के एसेसमेंट कैम्प, आधार सत्यापन तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


जिला तथा ब्लॉक स्तर पर की जा रही बेस्ट प्रैक्टिस की फोटो, वीडियो तथा आख्या राज्य परियोजना कार्यालय को भेजने को कहा। बताया कि बेस्ट प्रैक्टिसेज वाले शिक्षकों तथा अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी दीपक पांडेय, जिला समन्वयक राजीव त्रिपाठी, विन्द्रेश कुमार मौर्य, रविन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more