19 August 2026

सीजीएल समेत 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द





रांची, । राज्य में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर 25 दिनों से चल रहे आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में लिए गए फैसलों के आलोक में मंगलवार देर रात अधिसूचना जारी कर दी गई। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जेएसएससी-सीजीएल समेत 22 प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द कर दी गई। वहीं, 2014 से अब तक जेपीएससी व जेएसएससी के जरिए हुई 17 परीक्षाओं, परिणामों और नियुक्तियों की जांच सीआईडी करेगी। इसके अतिरिक्त छह परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। सरकार ने प्रधान सचिव अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में समिति गठित की है।



जेपीएससी की छह परीक्षाएं स्थगित


कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित छह परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। अधिसूचना के अनुसार, इन परीक्षाओं का प्रारंभिक कार्य टीडीपीएल से अलग किसी अन्य एजेंसी द्वारा किया गया था। जेपीएससी से जुड़ी विभिन्न अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी को सरकार के समक्ष कुछ तथ्य मिले थे, जिसके आधार पर सरकार ने इस एजेंसी की विश्वसनीयता की जांच सीआईडी को सौंप दी है। जांच पूरी होने और अगले आदेश तक इन परीक्षाओं का कार्य स्थगित रहेगा।