19 August 2026

भर्ती परिणाम में देरी पर फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा

 

उत्तर प्रदेश में लंबित सरकारी भर्तियों के परिणाम जारी करने में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश मंगलवार को राजधानी लखनऊ में सड़क पर उतर आया। सबसे पहले जूनियर इंजीनियर (जेई) भर्ती के अभ्यर्थियों ने राजभवन कॉलोनी स्थित डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। इसके बाद जूनियर असिस्टेंट (जेए) भर्ती के अभ्यर्थियों का हुजूम गोमतीनगर स्थित पिकअप भवन पहुंचा, जहां यूपीएसएसएससी)के कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया गया।



जेई अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम आवास पर की नारेबाजी: यूपी के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे जेई अभ्यर्थियों ने राजभवन कॉलोनी में डिप्टी सीएम आवास का घेराव करते हुए चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और दस्तावेज सत्यापन का परिणाम जल्द जारी करने की मांग उठाई। इसके साथ ही अभ्यर्थियों ने विभाग आवंटन के दौरान ‘डिपार्टमेंट स्किप’ का विकल्प दिए जाने की भी मांग की, ताकि अभ्यर्थी अपनी प्राथमिकता के अनुसार विभाग चुन सकें और अस्वीकृति की स्थिति में सीटें खाली रहने की समस्या न हो। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि वे (यूपीएसएसएससी जेई 2024 के अभ्यर्थी) आए थे। हमने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उनकी बात सुनी जाए और उनकी शिकायतों व समस्याओं का आज ही समाधान किया जाए। विद्यार्थियों को पूरी सहायता दी जाएगी। डिप्टी सीएम आवास पर प्रदर्शन के कुछ देर बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पिकअप भवन पर जुटे।


परीक्षा नियंत्रक ने दिया परिणाम का आश्वासन


पिकअप भवन पर प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात की और लंबित परिणाम जल्द जारी करने तथा भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग रखी। परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया कि परिणाम पांच सितंबर तक जारी होगा।