शिक्षकों की कमी और 77,400 रिक्त पदों को लेकर आप का प्रदर्शन
हजरतगंज चौराहे पर सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं और शिक्षकों के रिक्त 77,400 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और लंबे समय से खाली पड़े पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के सदस्यों को हिरासत में ले लिया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के साथ ही व्यवस्थाएं भी बदहाल हैं। ऐसे में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने की जरूरत है।

