19 August 2026

पीलीभीत में BSA का औचक निरीक्षण: 3 शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोका, बच्चों के साथ बैठकर चखा मिड डे मील

 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह के निरीक्षण में खुली स्कूलों की पोल, तीन शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोका वेतन रोका


मोहनपुर के स्कूल में सुबह साढ़े आठ बजे तक नहीं पहुंचीं दो शिक्षिकाएं व शिक्षामित्र, गंदगी पर प्रधानाध्यापकों को फटकार — डिजिटल अटेंडेंस में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी


पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने मंगलवार को मरौरी ब्लॉक के पांच परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, साफ-सफाई, मिड-डे मील समेत विभागीय योजनाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण की भनक लगते ही ब्लॉक के अन्य विद्यालयों में भी हड़कंप मचा रहा। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर बीएसए ने संबंधित शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई और कार्रवाई के निर्देश दिए।


प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर में निरीक्षण के दौरान सुबह साढ़े आठ बजे तक दो सहायक अध्यापिकाएं और एक शिक्षामित्र विद्यालय नहीं पहुंची थीं। इस पर बीएसए ने सहायक अध्यापिका पूजा कुमारी, अर्चना गंगवार और शिक्षामित्र रेनू शर्मा का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में व्यापक गंदगी मिलने पर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाते हुए परिसर और शौचालयों को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए।


जूनियर हाईस्कूल मोहनपुर के निरीक्षण में शौचालय गंदा मिला। विद्यालय की अन्य व्यवस्थाएं भी अस्त-व्यस्त पाए जाने पर प्रधानाध्यापक का स्पष्टीकरण तलब किया गया। वहीं कंपोजिट विद्यालय देवीपुरा में भी शौचालय में गंदगी मिलने पर प्रधानाध्यापक को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।




प्राथमिक विद्यालय गुर्ज गोटिया में हालात और भी खराब मिले। विद्यालय के मैदान में व्यापक गंदगी पाई गई। बीएसए ने शिक्षण स्टाफ को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका अवकाश पर मिलीं।


इसके बाद बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय घेरा रिछोला का निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं। शिक्षामित्र हेमवती शिक्षण कार्य करती मिलीं, जबकि दो शिक्षिकाएं अवकाश पर थीं। मिड-डे मील की गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई। बीएसए ने छात्र-छात्राओं के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील खाया और व्यवस्थाएं बेहतर मिलने पर शिक्षामित्र की सराहना की।


बीएसए ने सभी विद्यालयों के शिक्षकों को छात्र-छात्राओं की **डिजिटल अटेंडेंस अनिवार्य रूप से लगाने** के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण के दौरान मिली कमियों ने परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारों की लापरवाही भी उजागर कर दी।#pilibhit

#nirikshan