बेसिक शिक्षा विभाग सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी योजनाओं व अच्छे कामों का प्रचार प्रसार करेगा। सोशल मीडिया प्लेटफार्म के चारों अकाउंट एक्स, फेसबुक, यू-ट्यूब व इंस्टाग्राम पर 7.5 लाख फॉलोअर्स बनाएगा। यही नहीं प्लेटफार्म का मासिक लक्ष्य भी तय किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म की नियमित मॉनीटरिंग भी की जाएगी।बेसिक शिक्षा विभाग की हाल ही में शासन स्तर पर बैठक कर सोशल मीडिया रणनीति व डिजिटल कम्युनिकेशन की आगामी कार्ययोजना तैयार की गई। इसमें निर्देश दिया गया कि विभाग के फेसबुक व इंस्टाग्राम अकाउंट का जल्द वेरीफिकेशन पूरा किया जाए। साथ ही आधिकारिक यूट्यूब चैनल का प्रशासनिक एक्सेस सोशल मीडिया टीम को उपलब्ध कराया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से किए गए कार्यवृत्त में सोशल मीडिया टीम विभाग से संबंधित नकारात्मक, भ्रामक खबरों, पोस्ट को चिह्नित कर उनका विश्लेषण करते हुए तत्काल काउंटर किया जाए। इसके साथ ही स्रोत, प्रतिक्रिया आदि की निगरानी हो। सार्वजनिक हैंडल द्वारा विभाग के संबंध में किए जा रहे उल्लेखों टिप्पणियों की मॉनीटरिंग की जाए।

