TGT भर्ती में 100 से अधिक अभ्यर्थी होंगे बाहर, अभिलेख परीक्षण में अनुपस्थित रहने पर चयन निरस्त
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की वर्ष 2022 की 3539 पदों वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती में 100 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन निरस्त होने की स्थिति बन गई है। ये अभ्यर्थी मेरिट क्रम में होने के बावजूद निर्धारित तिथि पर अभिलेख परीक्षण के लिए आयोग कार्यालय नहीं पहुंचे।
आयोग ने इस भर्ती में कुल 15 विषयों के 3539 पदों के लिए लिखित परीक्षा तीन और चार जून 2026 को कराई थी। पदों की संख्या के सापेक्ष डेढ़ गुना अभ्यर्थियों को अभिलेख परीक्षण के लिए बुलाया गया था। 30 जून को जारी परिणाम में सफल अभ्यर्थियों को अभिलेख परीक्षण के लिए बुलाया गया।
अभिलेख परीक्षण नौ जुलाई से 17 जुलाई तक विषयवार कराया गया। आयोग के अनुसार, मेरिट सूची में शामिल होने के बावजूद निर्धारित प्रक्रिया में अभिलेख परीक्षण नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों के स्थान पर प्रतीक्षा सूची से नए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
अंग्रेजी विषय में 100 से अधिक अभ्यर्थियों पर संकट
भर्ती में अंग्रेजी विषय के 557 पद शामिल हैं। अंग्रेजी विषय का परिणाम रोककर शेष 14 विषयों का परिणाम घोषित किया जा चुका है। इन 14 विषयों में 2982 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। अंग्रेजी को छोड़कर शेष विषयों के लिए 10 अगस्त तक अभिलेख परीक्षण का अवसर दिया गया था।
आयोग के अनुसार अंग्रेजी विषय में भी 100 से अधिक अभ्यर्थी ऐसे हैं, जो औपचारिक रूप से चयनित होने के बावजूद अभिलेख परीक्षण में शामिल नहीं हुए। ऐसे अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन निरस्त कर उनके स्थान पर अवशेष पैनल से नए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
अंग्रेजी विषय का परिणाम अभी अटका
अंग्रेजी विषय का परिणाम उत्तरकुंजी में त्रुटि और पाठ्यक्रम से बाहर पूछे गए 29 प्रश्नों के कारण हाईकोर्ट में विचाराधीन याचिका के क्रम में रुका हुआ है। आयोग ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के आधार पर अंग्रेजी विषय का चयन परिणाम अभी जारी नहीं किया गया है।
आयोग अब अभिलेख परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त स्थानों के सापेक्ष नए अभ्यर्थियों के चयन की तैयारी में है।

