12 August 2026

प्रदेश के इस शहर में महंगी होगी प्रॉपर्टी, 25 अगस्त से लागू होंगे नए सर्किल रेट

 

बरेली में जमीन और मकानों के सर्किल रेट में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की गई संशोधित मूल्यांकन दर सूची में अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन की मौजूदा दरों में 5 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। कुछ स्थानों पर इससे अधिक बढ़ोतरी का भी प्रस्ताव है। अभी ये दरें अंतिम नहीं हैं। प्रशासन ने लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं।




बरेली सदर प्रथम क्षेत्र में अकृषक भूमि की दरों में उपयोगिता के आधार पर शून्य से 20 प्रतिशत, कृषि भूमि में शून्य से 12 प्रतिशत और वाणिज्यिक एकल भूमि में औसतन 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। उप निबन्धक सदर प्रथम बरेली के क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत वर्णित एकल से भिन्न वाणिज्यिक भवनों के कॉम्प्लेक्स दर में सभी राजस्व ग्राम / मोहल्ला में औसतन 5 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित की जा रही है।


 डीमार्ट से कनाट प्लेस / क्लाक टावर होते हुये बीसलपुर मार्ग तक / तिराहे तक प्रस्तावित मार्ग मे स्थित राजस्व चन्द्रपुर विचपुरी व डोहरा की दरे प्रस्तावित की गयी है। निर्माण की दरों मे 0 से 10 प्रतिशत की वृद्धि की गयी है। वहीं, सदर द्वितीय क्षेत्र में अकृषक और कृषि भूमि की दरों में 0 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित है। वाणिज्यिक एकल भूमि की दर भी शून्य से 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है।


 सदर द्वितीय का प्रस्ताव

उप निबन्धक सदर द्वितीय बरेली के क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत वर्णित राजस्व ग्रामों की कृषि भूमि की महत्ता व उपयोगिता के आधार पर उनकी बेसिक दरों में 0 से 20 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित की जा रही है। उप निबन्धक सदर द्वितीय बरेली के क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत वर्णित एकल से भिन्न वाणिज्यिक भवनों के कॉम्प्लेक्स दर में सभी राजस्व ग्राम / मोहल्ला में 0 से 16 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित की जा रही है।


17 अगस्त तक दे सकेंगे अपनी अपत्ति या सुझाव

प्रशासन ने संशोधित सर्किल रेट सूची का प्रकाशन 11 अगस्त को किया है। लोग 17 अगस्त तक नई दरों पर अपनी आपत्ति या सुझाव दे सकेंगे। 20 अगस्त को जनप्रतिनिधियों, बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक संघ और अन्य संगठनों के साथ बैठक कर आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद संशोधित दर सूची को 24 अगस्त को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के लिए प्रस्तुत करने और 25 अगस्त से लागू करने का प्रस्ताव है।



 आंवला के लिए ये है प्रस्ताव

आंवला के कुछ गांवों में कृषि भूमि की दर में 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।


नवाबगंज पालिका क्षेत्र

नवाबगंज में अकृषक और कृषि भूमि की दरों में 5 से 20 प्रतिशत तक, जबकि वाणिज्यिक भूमि में औसतन 10 प्रतिशत बढ़ोतरी प्रस्तावित है। नगर पालिका नवाबगंज की सीमा से दो किलोमीटर के दायरे में आने वाले कुछ गांवों को अर्द्धनगरीय क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव भी है। आंवला और फरीदपुर में भी कई श्रेणियों की जमीन की दरों में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है।


बहेड़ी क्षेत्र में भी होगी वृद्धि

बहेड़ी क्षेत्र में अकृषक और कृषि भूमि की दरों में 5 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। कुछ मोहल्लों में अकृषक भूमि की दर 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। तेजी से विकसित हो रहे कुछ गांवों को विकासशील गांव की श्रेणी में शामिल करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। बहेड़ी में चार प्रमुख सड़क से जुड़े सेगमेंट भी चिह्नित किए गए हैं।