22 August 2026

हाईस्कूल-इंटर परीक्षा आवेदन की तारीख बढ़ेेगी


प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की समय सीमा बढ़ाने की तैयारी है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) की ओर से शासन को भेजे पत्र में कक्षा 10 और 12 के संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन की विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए नई तिथियां प्रस्तावित की गई हैं। प्रस्ताव के अनुसार विद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों से प्राप्त परीक्षा शुल्क को एकमुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त से बढ़ाकर एक सितंबर की जाए।



वहीं शुल्क जमा करने की सूचना और विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त से बढ़ाकर पांच सितंबर की मध्यरात्रि तक करने का प्रस्ताव है। विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन प्रक्रिया सहित अन्य चरणों के लिए भी अलग-अलग नई तिथियां प्रस्तावित की गई हैं।


इसी तरह शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के अग्रिम पंजीकरण की समयसीमा बढ़ाने का प्रस्ताव है। पंजीकरण शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त से बढ़ाकर 10 सितंबर, जबकि विवरण ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 26 अगस्त से बढ़ाकर 11 सितंबर 2026 करने की बात कही गई है। विद्यालयों की ओर से पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली एवं संबंधित अभिलेख जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर रखे जाने का प्रस्ताव है।