22 August 2026

प्रवक्ता भर्ती:मेन्स का प्रवेश पत्र जारी


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज मुख्य परीक्षा-2025 30 अगस्त को लखनऊ और प्रयागराज में होगी। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रयागराज में परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी। पहली पाली में समाजशास्त्र, भूगोल, अर्थशास्त्र, नागरिकशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, इतिहास, जीव विज्ञान, हिंदी, उर्दू, संस्कृत समेत कुल 15 विषयों की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में 13 विषयों के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 31 अगस्त को जनपद लखनऊ स्थित लोक सेवा आयोग के शिविर कार्यालय, सेक्टर-डी, अलीगंज के परीक्षा हाल के भूतल में मनोविज्ञान और अपराध विज्ञान एवं दंड शास्त्र विषयों की परीक्षा होगी।



इसकी पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने ओटीआर नंबर के जरिए प्रवेश-पत्र और परीक्षा संबंधी निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं। केंद्र पर प्रवेश-पत्र के साथ दो फोटो और आईडी प्रूफ की मूल व छायाप्रति लाना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।