उत्तर प्रदेश के तीन शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार
उत्तर प्रदेश के तीन अध्यापकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजा जाएगा। देश भर के कुल 48 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार दिया जाएगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से सूची जारी कर दी गई है। पांच सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन शिक्षकों को सम्मानित करेंगी।
यूपी के जिन तीन शिक्षकों का नाम राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की सूची में शामिल है, उनमें गाजियाबाद के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विजय नगर की शिक्षिका डा. रेनू त्रिपाठी, बलिया के राजकीय इंटर कॉलेज जगदीशपुर के शिक्षक डा. इफ्तखार खान और कौशांबी स्थित चायल के कंपोजिट स्कूल रसूलाबाद कोहिलहा की शिक्षिका शालिनी कुशवाहा शामिल हैं। इन तीन शिक्षकों ने यूपी का नाम रोशन किया है। इन शिक्षकों ने अपने विद्यालय को एक आदर्श विद्यालय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
ये भी पढ़ें - राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हेतु चयनित शिक्षकों की सूची।
देशभर से चुने गए 48 शिक्षक
नई दिल्ली, एजेंसी। सरकार ने शुक्रवार को 48 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 देने की घोषणा की। पुरस्कार हासिल करने वालों में दिल्ली से सुमन गोयल और हरियाणा से अनिल कौशिक शामिल हैं।
स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा जारी पुरस्कार पाने वालों की सूची में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, सैनिक स्कूल जैसे संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 5 सितंबर को ये पुरस्कार प्रदान करेंगी।
इन्हें मिलेगा सम्मान
चुने गए लोगों में अंडमान से जे प्रकाश राव, आंध्र प्रदेश से राजेश कौलुरी, अरुणाचल प्रदेश से याकू टेम, असम से राजेश बोरदोलोई और जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूलों से जफर आलम शामिल हैं। अन्य पुरस्कार विजेताओं में गोवा से महादेव हनमंत शिंदे, गुजरात से नितिन कुमार और महेंद्र कुमार पाठक, हिमाचल प्रदेश से मंजरी वी महाजन, जम्मू-कश्मीर से मोहम्मद अयाज रैना और मध्य प्रदेश से अर्चना शुक्ला शामिल हैं।