प्रयागराज। शिक्षक भर्तियों में संभावित अर्हता संशोधन के विरोध में अभ्यर्थी सोमवार को शिक्षा निदेशालय पहुंचे। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपा। इसमें टीजीटी, जूनियर शिक्षक व अन्य शिक्षक भर्तियों की अर्हता व चयन प्रक्रिया में प्रस्तावित बदलावों पर तत्काल स्पष्टता की मांग की गई।
मंच के पंकज पांडेय ने कहा कि टीजीटी भर्ती में टीईटी लागू किए जाने, जूनियर शिक्षक के पदों को 100 प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाने व स्नातक में 45 प्रतिशत के स्थान पर 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता जैसी बातें हो रही हैं। इससे असमंजस की स्थिति हो गई है।
बीपीएड अभ्यर्थियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर टीजीटी शारीरिक शिक्षा शिक्षक भर्ती में स्नातक में 50 प्रतिशत अंक की नई बाध्यता लागू की जाती है तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो सकते हैं।
उन्हें पूर्व व्यवस्था के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए। साथ ही राजर्षि टंडन से संबंधित विषयवार/एकल विषय की अर्हता स्पष्ट किए जाने की मांग की गई।
हुंकार मंच ने शिक्षक भर्ती की अर्हताएं स्पष्ट करने को कहा है। प्रतिनिधिमंडल में प्रशांत सिंह, विजय तिवारी, बृजभान सिंह, युवराज सिंह, विपुल, जसवंत, प्रमोद मौजूद रहे।

