121 विद्यार्थी... आठ साल से भवन का इंतजार, एक साल से शिक्षक भी नहीं
उच्च प्राथमिक विद्यालय थरी में एक भी शिक्षक तैनात नहीं, प्राथमिक के शिक्षकों के भरोसे पढ़ाई
माल। विकास खंड की ग्राम पंचायत थरी स्थित बेसिक विद्यालय के उच्च प्राथमिक विद्यालय में पिछले एक साल से एक भी शिक्षक तैनात नहीं है। करीब आठ साल से विद्यालय भवन भी नहीं बन सका है। सर्दी हो या गर्मी, विद्यार्थी खुले मैदान में पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। बारिश होने पर 121 छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर जर्जर अतिरिक्त कक्ष में बैठना पड़ता है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विभाग से तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति और विद्यालय भवन का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस शैक्षिक सत्र में कक्षा छह से आठ तक करीब 121 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इनके लिए विद्यालय में एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है। करीब एक वर्ष पूर्व प्रधानाध्यापक नसीम आरा के सेवानिवृत्त होने के बाद से किसी अध्यापक की नियुक्ति नहीं की गई। ऐसे में उच्च प्राथमिक के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्राथमिक स्तर के शिक्षकों के भरोसे चल रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब आठ वर्ष पूर्व विद्यालय का जर्जर भवन गिराए जाने के बाद से अब तक स्थायी भवन नहीं बन सका है। विद्यालय में मौजूद अतिरिक्त कक्ष भी जर्जर हालत में है। इसका एक छज्जा टूट चुका है। बारिश के दौरान विद्यार्थियों को इसी जर्जर कक्ष में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। परिसर में मौजूद रसोईघर भी जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान रसोईघर की छत टपकने से वहां कार्यरत रसोइयों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है।
प्राथमिक के शिक्षकों पर भी अतिरिक्त भार प्राथमिक स्तर के दो अध्यापक और तीन शिक्षामित्र उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्रों की पढ़ाई करवा रहे हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, साथ ही प्राथमिक शिक्षकों पर अतिरिक्त भार भी पड़ रहा है। — अर्चना मिश्रा, इंचार्ज प्राथमिक विद्यालय थरी
जल्द होगी शिक्षकों की तैनाती : शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया को लेकर अभी कोर्ट में सुनवाई चल रही है। जल्द ही अध्यापकों की तैनाती की जाएगी। भवन निर्माण के लिए विभागीय प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। — विपिन कुमार, बीएसए

