UpdateMarts•Com
Follow Channel

03 December 2021

छात्र से उठक-बैठक लगवाने वाले शिक्षक समेत दो अध्यापक निलंबित

फर्रुखाबाद : ब्लाक शमसाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय चिलसरा में छात्र से उठक-बैठक लगवाना सहायक अध्यापक को महंगा पड़ गया। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने उन्हें निलंबित कर दिया। वहीं ब्लाक बढ़पुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हैवतपुर गढि़या में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले सहायक अध्यापक को भी निलंबित कर दिया गया।


बीते दिनों उच्च प्राथमिक विद्यालय चिलसरा में यूनिफार्म पहनकर न आने पर सहायक अध्यापक वीकेश कुमार ने कक्षा छह के छात्र राहुल कुमार से उठक-बैठक लगवाई थी, जिससे वह लंगड़ाकर चलने लगा था। शिकायत पर मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी शमसाबाद सतीश कुमार वर्मा को दी गई। इस पर बीएसए ने सहायक अध्यापक वीकेश कुमार को निलंबित कर दिया। वहीं ब्लाक बढ़पुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हैवतपुर गढि़या के प्रधानाध्यापक सलीम खान को भी निलंबित किया गया। आरोप है कि 15 सितंबर को निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक सलीम खान रजिस्टर में हस्ताक्षर कर स्कूल से गायब थे। एक दिसंबर को दोबारा निरीक्षण किया गया तो वह फिर स्कूल से अनुपस्थित मिले। स्कूल में पंजीकृत 169 छात्रों में सिर्फ 28 ही आए थे। शिकायत मिली की एमडीएम मेन्यू के अनुसार नहीं बनता है। सोमवार को फल व बुधवार को दूध भी नहीं बांटा जाता। प्रधानाध्यापक समय से स्कूल नहीं आते और जल्दी चले जाते हैं। इसी लापरवाही में प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि छात्र से उठक-बैठक लगवाना शासन के दिशा-निर्देशों की अवहेलना है। इसी के चलते शिक्षक वीकेश कुमार को निलंबित किया गया।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more