नवोदय प्रवेश परीक्षा में 33.73% परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, बंदर रात को कहां सोते हैं जैसे सवालों ने बच्चों को चौंकाया
प्रतापगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 4515 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2992 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1523 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 66.27 प्रतिशत उपस्थिति रही और 33.73 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
4515 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 1523 रहे अनुपस्थित
प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में 1643 बालक और 1349 बालिकाएं थीं। वहीं अनुपस्थित रहने वालों में 802 बालक और 721 बालिकाएं शामिल रहीं। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से ही परीक्षार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया था। परीक्षा को लेकर अभिभावकों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
'बंदर रात को कहां सोते हैं' जैसे सवालों ने चौंकाया
परीक्षा में पूछे गए कुछ रोचक सवाल बच्चों के बीच चर्चा का विषय रहे। खास तौर पर 'बंदर रात को कहां सोते हैं और यह मनुष्य से किस प्रकार भिन्न हैं' जैसे सवालों ने परीक्षार्थियों को सोचने पर मजबूर किया।
इसके अलावा गणित में संख्या क्रम, लीटर-पानी की गणना, समय, परिमाप और कोण से संबंधित प्रश्न पूछे गए। पर्यावरण अध्ययन में बिजली बचाने, सड़क सुरक्षा, जल के रूप, भारतीय मुद्रा के प्रतीक, कचरा प्रबंधन और कागज के पुनर्चक्रण से जुड़े सवाल शामिल थे।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन और व्यवस्थित परीक्षा कराने के लिए सघन जांच की गई। जांच के दौरान परीक्षार्थियों के बीच हलचल रही, लेकिन परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी हुई परीक्षा
रानीगंज के स्वामी करपात्री इंटर कॉलेज में भी नवोदय प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। यहां प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड की जांच की गई।
इसी तरह शिवगढ़ स्थित परीक्षा केंद्र पर भी परीक्षा आयोजित हुई। वहां 186 परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया था, लेकिन 153 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
अब परिणाम का इंतजार
नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के लिए हजारों विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा संपन्न होने के बाद अब अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को परिणाम तथा चयन सूची का इंतजार है। परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा छह में प्रवेश का अवसर मिलेगा।


