यूपी में इन लोगों को इसी माह से मिलेंगे 6000 रुपए महीना , आदेश जारी

प्रदेश के ग्राम सचिवालय में नवनियुक्त पंचायत सहायकों को एक दिसंबर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। प्रदेश में 58,189  में से 55,688 ग्राम सचिवालयों  में पंचायत सहायकों की नियुक्ति हो गई है। शेष ग्राम सचिवालयों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति जल्द की जाएगी।



प्रदेश सरकार ने प्रदेश की 58,189 ग्राम पंचायतों का भवन निर्माण कर उन्हें पंचायत सचिवालय के रूप में संचालित करने का निर्णय किया था। प्रदेश की लगभग सभी ग्राम पंचायतों के भवन बनाकर उन्हें ग्राम सचिवालय का रूप दे दिया गया है। योगी सरकार ने गत दिनों प्रत्येक ग्राम सचिवालय में एक पंचायत सहायक (अकाउंटेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर) की नियुक्ति का भी निर्णय किया था। पंचायत सहायकों को छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय भी दिया जाएगा।


पंचायतीराज विभाग ने 55,688 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति की है। इनमें से करीब 48 हजार ग्राम पंचायतों का संबंधित ग्राम पंचायत के साथ अनुबंध हो गया है। अभी तक 18 हजार पंचायत सहायकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नव चयनित पंचायत सहायकों को एक दिसंबर से मानदेय का भुगतान किया जाएगा।

नोडल अधिकारी नियुक्त
मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत भवन के निर्माण को लेकर कुछ जगह हो रहे विवाद के निस्तारण के लिए संबंधित मंडलीय उप निदेशक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। ताकि भूमि या सीमा विवाद को मंडलायुक्त के संज्ञान में लाकर उनका निस्तारण कराया जा सके।