हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

29 January 2022

मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू, पहले दिन रहे 131 लोग अनुपस्थित, विजय किरण आनंद ने कार्रवाई के दिए निर्देश



गोरखपुर, राजकीय जुबिली इंटर कालेज में मतदान कार्मिकों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण गुरुवार को शुरू हो गया। पहले दिन 1820 पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम को बुलाया गया था। इनमें से 131 लोग अनुपस्थित रहे। डीएम ने कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, उनका विवरण निकाला जा रहा है।

पहले चरण में होना है 10 हजार पांच सौ कर्मचारियों का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के पहले चरण में दो फरवरी तक 10 हजार 500 कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन पीठासीन अधिकारियों ने मतदान के दौरान अपने दायित्वों से लेकर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) चलाने का तरीका सीखा। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार सिंह ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर मतदान कार्मिकों को प्रोत्साहित किया।

पहले चरण में पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम काे दिया जा रहाप्रशिक्षण

पहले चरण में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। 26 कक्षों में प्रशिक्षण हो रहा है और हर कक्ष में करीब 35 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पीठासीन अधिकारियों को पीठासीन बुकलेट दी जा रही है। इसमें सभी जरूरी नियम अंकित होते हैं। मतदान के दिन किन-किन वस्तुओं की जरूरत होगी, इसके बारे में भी बताया जा रहा है।

पावर प्‍वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए दी जा रही जानकारी

मतदान कार्मिकों को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान पहुंचे जिलाधिकारी ने निष्पक्ष मतदान कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने स्तर पर प्रयास करें, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ सके। प्रशिक्षण के दौरान सभी का उपस्थित होना अनिवार्य है। जो अनुपस्थित रहेगा, उसपर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशिक्षण दो पालियों में हो रहा है। प्रथम पाली का प्रशिक्षण सुबह नौ बजे से दोपहर 12.30 बजे तक तथा दूसरी पाली का प्रशिक्षण अपराह्न 1.30 से शाम पांच बजे तक चल रहा है।

कर्मचारियों में वितरित किया जा रहा फार्म 12 डी

प्रशिक्षण के लिए आ रहे कर्मचारियों में फार्म 12 डी का वितरण किया जा रहा है। इसके जरिए कर्मचारी पोस्टल बैलेट के जरिए वोट देने के लिए आवेदन करेंगे। दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू होने पर प्रशिक्षण के दौरान ही वोट देने का मौका मिलेगा। दूसरे चरण का प्रशिक्षण वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद होगा। यह प्रशिक्षण विधानसभा क्षेत्रवार होगा।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more