हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

29 January 2022

प्राइमरी स्कूल में उल्टा लगे ध्वज का वीडियो वायरल


विजयीपुर धाता थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में उल्टा और एक बांस पर लगे राष्ट्रीय ध्वज का वीडियो वायरल हुआ। इसमें ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया है। जबकि शिक्षक ने इसे रंजिश बताते हुए साजिश के तहत ध्वज को उल्टा करने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।सोशल मीडिया में गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें ग्रमीणों के अनुसार गोकुलपुर प्राइमरी स्कूल में स्टाफ ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया। इसमें झंडे को एक बांस में उल्टा लगाने का आरोप लगाया। वीडियो में झंडा उल्टा लगा दिख रहा है, हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।




गांव के मोनू सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि जब गांव के लोगों ने झंडे को उल्टा लगा हुआ देखा तो फोन करके प्रधानाध्यापक को इसे ठीक करने के लिए कहा। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने फोन पर ही गलत तरीके से बात कही और स्कूल आने के बाद तुरंत झंडे को सही कराकर वीडियो बना रहे ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज व जानलेवा धमकी दी। इंस्पेक्टर धाता संजय तिवारी ने बताया कि दोनों पक्ष से शिकायत मिली है। गांव के नजदीक रहने वाले अध्यापक ने बताया है कि रंजिश के तहत साजिश कर झंडे को उल्टा लगाकर यह वीडियो बनाया गया है। दोनों पक्ष की शिकायतों की जांच कराई जा रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more