शीतलहर से अभी नहीं मिलेगी राहत, घने कोहरे की चेतावनी जारी

लखनऊ : राजधानी में शुक्रवार को खिली धूप ने ठंड से कुछ राहत दी। हालांकि, पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली शीतलहर से ठिठुरन भी रही। मौसम विभाग ने दो दिन तक प्रदेशभर में शीतलहर और अत्यधिक ठंडे दिन की चेतावनी जारी की है। साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।


शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री की कमी के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री की कमी के साथ 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंडे दिन की स्थिति और सुबह के समय घना कोहरा रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान फतेहगढ़ में 3.6 डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरनगर में 4.0 और बरेली में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान आगरा में 21.7 डिग्री और फतेहगढ़ में 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

दो दिन शुष्क रहेगा मौसम: मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले दो दिनों तक शहर का मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, सुबह के समय प्रदेशभर में कोहरा रह सकता है। इसके साथ ही शीतलहर और ठंडे दिन की चेतावनी जारी की गई है। अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़त देखी जा सकती है। अगले तीन-चार दिनों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। शुक्रवार को शहर का एक्यूआइ स्तर 150 दर्ज किया गया।

डिग्री अधिकतम और 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान

किमी प्रति घंटे तक की गति से अगले तीन से चार दिनों में चल सकती है हवा