40 मिनट का होगा एक पीरियड, परिषदीय विद्यालयों का टाइम टेबल जारी

 

संभल, निजी स्कूलों की तरह अब परिषदीय विद्यालयों में भी शिक्षण कार्य कराया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों में अब प्रत्येक 40 मिनट की एक विषय की कक्षा (पीरियड) होगी। साथ ही बच्चों के लिए 30 मिनट का लंच होगा। यह समय सारिणी सभी परिषदीय विद्यालयों में लागू कर दी गई है। विद्यालयों में आठ विषयों की कक्षाएं होंगी। इसके लिए सभी स्कूलों में नियमानुसार पढ़ाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परिषदीय विद्यालयों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए नए-नए प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में 1289 परिषदीय विद्यालय हैं और उनमें डेढ़ लाख से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। अब विभाग की ओर से यहां अध्ययनरत बच्चों के लिए टाइमटेबल बनाया गया है। समय में बांटकर सभी विषयों की रोजाना पढ़ाई होगी। समय भी तय कर दिया गया है। प्रत्येक कक्षा में विषय की पढ़ाई 40 मिनट होगी। कक्षा शुरू होने से पहले बच्चों के विद्यालय पहुंचने पर प्रार्थना सभा भी कराई जाएगी। प्रधानाध्यापक को पूरे सप्ताह की समय सारिणी बनानी होगी। समय सारिणी विद्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड पर भी लगानी होगी। विभाग की ओर से नई समयसारिणी को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। वहीं, शासन स्तर से भी सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों समेत सहायक अध्यापकों को इस पर अमल करने के निर्देश दिए गए हैं।




खेल की गतिविधियां भी होंगी


बहजोई। टाइमटेबल के अनुसार विद्यालय में खेल गतिविधियां कराने के लिए भी समय निकाला जाएगा। इसके लिए खेल सामग्री का बजट पहले ही जारी हो चुका है। शासन से निर्देश मिलते ही बीएसए ने सभी बीईओ को इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है।


सुबह सवा आठ बजे से शुरू होगी कक्षा


बहजोई। नए टाइमटेबल के मुताबिक सुबह 8.15 बजे से पहली कक्षा शुरू होगी। यह 8.55 बजे तक रहेगी। 10.15 से 10.45 लंच होगा। शुरुआती समय में तीन कक्षाएं होगी। लंच के बाद पांच कक्षाएं होंगी। प्रतिदिन विषयवार कुल आठ पीरियड में बच्चों को पढ़ाया जाएगा।


परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। नए शैक्षिक सत्र में और भी सुधार हो रहे हैं। विभागीय निर्देश पर सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नए टाइमटेबल से पढ़ाई कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।



चन्द्रशेखर, बीएसए, संभल।