UpdateMarts•Com
Follow Channel

10 May 2024

परिषदीय शिक्षकों को निलंबित कराने वाले बीईओ के खिलाफ शिक्षक संघ ने खोला मोर्चा, एडी बेसिक बोले होगी कार्रवाई

 

बरेली। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ने एडी बेसिक विनय कुमार से शिक्षकों को निलंबित करने वाले बिथरी चैनपुर के बीआईओ की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कई साक्ष्य भी सौंपे हैं। एडी बेसिक ने निलंबित शिक्षकों को तत्काल बहाल करने के निर्देश दिए हैं। एक कैंसर पीड़ित वरिष्ठ शिक्षिका को बीएलओ कार्य में लगाने की भी शिकायत की गई है।



बीआरसी में हुई चोरी की रिपोर्ट तक थाने में दर्ज नहीं कराई गई

मंडल अध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा ने एडी बेसिक को जो साक्ष्य दिए हैं उसके मुताबिक पिछले दिनों बीआरसी में हुई चोरी की रिपोर्ट तक थाने में दर्ज नहीं कराई गई, जबकि लाखों रुपये का विभागीय सामान, कम्प्यूटर, हार्ड डिस्क सहित शिक्षकों के कई गोपनीय दस्तावेज भी चोरी हुए थे।

कैंसर पीड़ित होने पर भी एक वरिष्ठ शिक्षिका को बीएलओ कार्य में लगाया

एडी बेसिक को दिए पत्र में एक कैंसर पीड़ित वरिष्ठ शिक्षिका को बीएलओ कार्य में लगाने की भी शिकायत की गई है। पिछले दिनों फरीदापुर इनायत खां के उच्च प्राथमिक स्कूल से कम्प्यूटर ले जाने के मामले में शिक्षिका फरहा नरगिस ने बच्चों की कम्प्यूटर शिक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की थी। इससे तिलमिलाए बीईओ ने उन्हें पत्र भेजकर कड़ी कार्रवाई की धमकी दी है।

पदाधिकारियों का आरोप

संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि सिमरा के अजूबा बेगम स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में परिचारक के रूप में तैनाती के बावजूद वह बीईओ के ड्राइवर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और आए दिन शिक्षकों पर भी रौब दिखाते हैं। इसके अलावा कई शिक्षकों ने भी खंड शिक्षा अधिकारी पर डरा कर कार्रवाई की धमकी देने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है।

एफआईआर नहीं कराने पर एडी नाराज, शिक्षकों को बहाल करने के निर्देश

विनय कुमार,एडी बेसिक ने बताया कि संगठन की ओर से साक्ष्यों सहित बीईओ की शिकायत की गई है। बीईओ की संस्तुति पर किए गए शिक्षकों के निलंबन को तत्काल प्रभाव से बहाल करने को कहा गया है। चोरी के बावजूद एफआईआर नहीं होना गंभीर विषय है। इस संबंध में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more