उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने विधानसभा चुनाव से पहले पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की है। साथ ही संगठन ने जनगणना व मतदाता पुनरीक्षण कार्यों में लगे कर्मचारियों के साथ मित्रवत व्यवहार किए जाने की अपील की है। इस संबंध में रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित दारुलशफा में आयोजित संगठन की मासिक बैठक में एक प्रस्ताव पास कर उसे एक ज्ञापन के रूप में शासन को भेजा गया।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि हमने सर्वसम्मति से निर्णय किया है कि आगामी माह से शुरू होने वाले राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य को संघ के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी पूरे तन-मन से और नियत समय के भीतर पूर्ण कराएंगे। इससे पूर्व बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से प्रदेश में तत्काल पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद नियुक्त हुए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की यह सबसे प्रमुख मांग है। नई पेंशन योजना से शिक्षक और कर्मचारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और आज कोई भी कर्मचारी इससे संतुष्ट नहीं है। पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नई पेंशन के बजाय पुरानी पेंशन योजना लागू करने की विधिवत घोषणा करे और शासनादेश जारी करे।
कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव का विरोध
उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम, स्वगणना और जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों पर बढ़ रहे अनावश्यक दबाव पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उच्च अधिकारियों द्वारा धरातल पर काम कर रहे शिक्षकों, बीएलओ और जनगणना कर्मियों को अनावश्यक फोन करके मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में एसआईआर के दौरान भी अत्यधिक कार्य दबाव के कारण कई कर्मचारियों की जान चली गई थी। उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों के साथ मित्रवत और सामान्य व्यवहार करके काम लें, न कि दबाव बनाकर। यदि अनावश्यक दबाव देना बंद नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

