UpdateMarts•Com
Follow Channel

09 March 2022

यूपी बोर्ड : 70% पाठ्यक्रम पर होगी 10वीं और 12वीं की परीक्षा, लीक हुई समय-सारिणी तो आनन-फानन में की जारी


UP Board Exam Date 2022 : यूपी बोर्ड की परीक्षा पहली बार 70 प्रतिशत पाठ्यक्रम पर होगी। कोरोना काल में पढ़ाई प्रभावित होने के कारण यूपी बोर्ड ने 20 जुलाई 2020 को कक्षा 9 से 12 तक के पाठ्यक्रम में 30 प्रतिशत की कटौती करते हुए 70 प्रतिशत कोर्स ही पढ़ाया था। उसके बाद 2021 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं नहीं कराई जा सकी। स्कूलों ने ऑनलाइन माध्यम से 70 प्रतिशत कोर्स की ही पढ़ाई कराई है। बोर्ड ने इसी के आधार पर प्रश्नपत्र भी तैयार करवाए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने मंगलवार को बोर्ड परीक्षा 2022 का कार्यक्रम जारी कर दिया। यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं की परीक्षाएं 24 मार्च 2022 से शुरू होंगी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं 24 मार्च से 12 अप्रैल 2022 तक चलेंगी।

पुरानी कॉपी से कराई जाएगी बोर्ड परीक्षाएं:

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पुरानी कॉपियों से कराई जाएंगी। 2021 की परीक्षा के लिए जिलों में पांच करोड़ से अधिक कॉपियां भेजी गई थी। लेकिन परीक्षा न होने के कारण उनका इस्तेमाल नहीं हो सका। अब उन कॉपियों का इस्तेमाल इस साल की परीक्षा में होगा।


लीक हुई समय-सारिणी तो आनन-फानन में की जारी:

यूपी बोर्ड की 10वीं-12वीं की समय सारिणी लीक होने के कारण माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय को आनन-फानन में औपचारिक घोषणा करनी पड़ी। मंगलवार दोपहर में समय सारिणी की खबरें सोशल मीडिया और वेबसाइट पर चलने लगीं। विनय कुमार पांडेय मंगलवार दिन में बोर्ड मुख्यालय में ही मौजूद थे। दोपहर बाद वह लखनऊ रवाना हुए लेकिन शासन के निर्देश पर रास्ते से लौटकर शाम को औपचारिक रूप से जारी करना पड़ा।

पीसीएस मेन्स के लिए केंद्र तय करने में होगी कठिनाई:

यूपी बोर्ड की समय सारिणी जारी होने के कारण उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) 2021 की मुख्य परीक्षा के केंद्र तय करने में भी कठिनाई आ सकती है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 23 से 27 मार्च के बीच प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद में पीसीएस 2021 मुख्य परीक्षा कराने जा रहा है। इसके लिए तीनों जगह पर जिला प्रशासन से केंद्रों के नाम मांगे जा चुके हैं। जिन स्कूलों ने पीसीएस मुख्य परीक्षा कराने की सहमति दी है, वे यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए भी केंद्र बने हैं। हालांकि अभी तक आयोग के स्तर से केंद्र फाइनल नहीं हुए हैं। आयोग सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन से नए सिरे से उन स्कूलों के नाम लेकर केंद्र बनाए जाएंगे जहां यूपी बोर्ड की परीक्षाएं नहीं होनी है।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more