03 September 2026

स्कूल में घुसकर वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर पर मुकदमा, तोड़फोड़ और धमकी का आरोप

 

स्कूल में घुसकर वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर पर मुकदमा, तोड़फोड़ और धमकी का आरोप

महमूदाबाद। अवकाश के बाद विद्यालय में घुसकर वीडियो बनाने और उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप में यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

मामला रामपुर मथुरा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बसवानपुर का है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंतिम अवस्थी के अनुसार, एक यूट्यूबर 24 अगस्त को विद्यालय बंद होने के बाद परिसर में घुस गया। आरोप है कि उसने विद्यालय के बालक-बालिकाओं के शौचालय और कमरों के वीडियो बनाए और उन्हें इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया।

प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि वीडियो के माध्यम से सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। साथ ही यूट्यूबर पर विद्यालय में तोड़फोड़ करने और धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया गया है।

सदरपुर थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्र ने बताया कि यूट्यूबर के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।