03 September 2026

बेसिक शिक्षक भर्ती में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे प्रश्नपत्र

 

बेसिक शिक्षक भर्ती में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे प्रश्नपत्र

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2026 का पाठ्यक्रम जारी, 120-120 प्रश्न पूछे जाएंगे

प्रयागराज। बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2026 का पाठ्यक्रम और परीक्षा संरचना जारी कर दी है। दोनों स्तरों की परीक्षा के प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार किए जाएंगे।

आयोग के अनुसार चयन प्रक्रिया केवल लिखित परीक्षा के माध्यम से होगी। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में 120-120 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न तीन अंक का होगा और गलत उत्तर के लिए एक अंक काटा जाएगा। परीक्षा की अवधि दो घंटे निर्धारित है।


प्राथमिक शिक्षक भर्ती में ये विषय शामिल

प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक (कक्षा एक से पांच) भर्ती परीक्षा में भाषा के अंतर्गत हिंदी, संस्कृत और अंग्रेजी, जबकि विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन (कक्षा 12 स्तर तक) से प्रश्न पूछे जाएंगे।

इसके अलावा शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान, सूचना तकनीकी, जीवन कौशल, प्रबंधन एवं अभिवृत्ति से भी प्रश्न शामिल होंगे। डीएलएड पाठ्यक्रम स्तर तक शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान और जीवन कौशल आदि से प्रश्न पूछे जाएंगे।

सामान्य ज्ञान और तार्किक ज्ञान से भी सवाल

परीक्षा में 30 प्रश्न सामान्य ज्ञान से होंगे। इनमें 25 प्रश्न सामान्य ज्ञान/समसामयिक घटनाओं से और पांच प्रश्न तार्किक ज्ञान से पूछे जाएंगे।

विज्ञान, पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन, शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान तथा जीवन कौशल/प्रबंधन एवं अभिवृत्ति से आठ-आठ प्रश्न, गणित से 16 और सूचना तकनीकी से चार प्रश्न पूछे जाने का प्रावधान है।

उच्च प्राथमिक परीक्षा में 120 प्रश्न

उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक (कक्षा छह से आठ) भर्ती परीक्षा में भी 120 प्रश्न होंगे। प्रश्नपत्र के दो खंड होंगे। पहले खंड में सामान्य ज्ञान के 30 अंक होंगे, जबकि दूसरे खंड में 90 अंक के प्रश्न शामिल होंगे।

दूसरे खंड में भाषा शिक्षक के लिए संस्कृत/हिंदी/अंग्रेजी में से किसी एक भाषा, सामाजिक अध्ययन शिक्षक के लिए सामाजिक अध्ययन तथा विज्ञान एवं गणित शिक्षक के लिए संबंधित विषय से प्रश्न पूछे जाएंगे। वैकल्पिक रूप से भाषा और सामाजिक अध्ययन में से किसी एक विषय से भी प्रश्न शामिल होंगे।

आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है पाठ्यक्रम

अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा से संबंधित विस्तृत पाठ्यक्रम और विषयवार जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं। परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जारी पाठ्यक्रम को परीक्षा की रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।